शिमला (हैडली): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने ही विधायकों को कोस रहे हैं। इससे वह क्या साबित करना चाहते हैं। हर मंच पर वह एक ही बात दोहरा रहे हैं कि बागी विधायकों ने उनके साथ छल किया है। यह बात नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही था तो पहले ही उन्हें क्यों नहीं संभाला और अब इस तरह की बातें करने से कुछ हासिल होने वाला नहीं। इसमें भाजपा का कोई लेना-देना नहीं। यह उनकी अपनी पार्टी के विधायक हैं। कुछ तो बात रही होगी तभी तलखी इतनी बढ़ गई। उन्होंने कहा कि झूठी गारंटी के दम पर प्रदेश की सत्ता में आए मुख्यमंत्री जनता के सवालों का सामना नहीं कर पा रहे हैं। इसीलिए इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। प्रदेश के लोग सरकार से कांग्रेस द्वारा दी गई गारंटियों के बारे में पूछ रहे हैं।
सुक्खू ने झूठ बोलकर बनाई सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते हैं कि कांग्रेस ने जिस तरीके से झूठ बोलकर सरकार बनाई है उसी तरह झूठ बोलकर वह सरकार को चलाते रहे। लेकिन अब ऐसा होने वाला नहीं है। इस देश में अब नरेंद्र मोदी के अलावा कोई भी गारंटी नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि देश के लोग चाहते हैं कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार भी भारत के प्रधानमंत्री बने।
देशवासियों के सुझाव से तैयार होगा बीजेपी का संकल्प पत्र
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र भारत के लोगों के सुझाव के आधार पर ही तैयार किया जाएगा। इसके लिए देशभर में कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश में भी संकल्प पत्र सुझाव यात्रा के अनेकों कार्यक्रम चल रहे हैं। चारों संसदीय क्षेत्रों में 2-2 वाहनों के माध्यम से प्रदेश के सभी वर्गों के सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशभर से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं जिससे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ राष्ट्र निर्माण में सबका सहभाग हो सके।










