उत्तराखंड के प्रशिक्षित नर्सिंगकर्मियों और वार्ड ब्वाय के लिए विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है। धामी सरकार वित्तीय वर्ष 2027-28 में प्रदेश के 500 स्वास्थ्यकर्मियों को विदेश में रोजगार दिलाने की दिशा में काम करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा विभाग इसके लिए कार्ययोजना तैयार करेगा।
योजना के तहत पश्चिम एशिया, पश्चिमी यूरोप, एस्टोनिया और खाड़ी देशों में स्वास्थ्यकर्मियों की मांग का आकलन किया जाएगा। साथ ही संबंधित देशों में नियुक्ति के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता, भाषा दक्षता और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके आधार पर युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर विदेश में रोजगार के लिए तैयार करने की योजना है।
स्वास्थ्यकर्मियों का बनेगा डाटा बैंक
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ाने पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ का डाटा बैंक तैयार करने के निर्देश दिए।
डाटा बैंक में स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, विशेषज्ञता और कौशल से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी। इससे अस्पतालों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।









