दमोह जिला बस ऑपरेटर के सचिव समीम कुरेशी ने बताया कि सागर में नए बस स्टैंड से बसें चलाई जा रही हैं। इससे जिला बस ऑपरेटरों ने वहां हड़ताल की है। इससे दमोह से भी यात्री बसें सागर नहीं गई
सागर में जिला बस ऑपरेटरों ने गुरुवार दोपहर अचानक से अनिश्चितकालीन हड़ताल शरू कर दी। इसका असर यह हुआ कि सागर से दमोह बसों का आना बंद हो गया। दोपहर दो बजे के बाद दमोह से कोई भी बस सागर की ओर रवाना नहीं हो सकी। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग सागर जाने के लिए स्टेशन रवाना हुए। कुछ लोगों ने निजी वाहनों से सागर का रास्ता पकड़ा
सागर जिले में अचानक बस ऑपरेटरों की हड़ताल से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने इसे गलत भी बताया। यदि पहले से सूचना दी जाती तो गुरुवार को सफर नहीं करते, लेकिन अचानक हड़ताल होने से वह परेशान हो गए। सागर जिले में पुराने बस स्टैंड से यात्री बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। नए बस स्टैंड से यात्री बसों का संचालन किया जा रहा है। इसका जिला बस यूनियन ने विरोध किया है। बसों को काफी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। यात्रियों को भी असुविधा हो रही है। इसके चलते सागर जिले के बस ऑपरेटरों ने गुरुवार दोपहर अचानक से यात्री बसों का संचालन बंद कर दिया। जब सागर से यात्री बसें दमोह नहीं पहुंची तब दमोह जिला बस ऑपरेटरों को भी हड़ताल की जानकारी लगी। इसके बाद कुछ बसें गढ़ाकोटा तक गई, लेकिन उन्हें वहीं रोक दिया गया। उसके बाद से सागर की ओर जाने वाली सभी बसें दमोह बस स्टैंड पर खड़ी हैं। यात्री परेशानी का सामना कर रहे हैं। दमोह जिला बस ऑपरेटर के सचिव समीम कुरेशी ने बताया कि सागर में बस ऑपरेटर हड़ताल पर चले गए हैं। इससे दमोह से भी यात्री बसें सागर नहीं जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वह भी हड़ताल का समर्थन करते हैं क्योंकि नए बस स्टैंड से काफी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। यात्रियों को भी परेशानी हो रही है।
जबलपुर तक के यात्री प्रभावित
सागर में बसों की हड़ताल से जबलपुर से सागर तक का यातायात पूर्ण रूप से प्रभावित हो गया है। अधिकांश बसों का संचालन जबलपुर से सागर की ओर होता है। जब सागर से ही बस दमोह नहीं पहुंच रही है तो दमोह से जबलपुर के बीच ही बसों का संचालन हो रहा है।










