Bihar : आज विपक्षियों द्वारा जनता के बीच लोकतंत्र और संविधान खतरे में होने का भ्रम फैलाया जा रहा है। 1975 में आपातकाल लाकर सही मायने में इन लोगों ने लोकतंत्र की हत्या की थी और ये लोग आज लोकतंत्र के हिमायती बने हुए हैं
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पूर्व चिराग पासवान रोहतास पहुंचे, जहां वह कांग्रेस और राजद पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि आज विपक्षियों द्वारा जनता के बीच लोकतंत्र और संविधान खतरे में होने का भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1975 में आपातकाल लाकर सही मायने में इन लोगों ने लोकतंत्र की हत्या की थी और ये लोग आज लोकतंत्र के हिमायती बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक चिराग पासवान जीवित हैं, तब तक ना ही लोकतंत्र और ना ही संविधान खतरे में होगा। सिर्फ जनता के बीच भ्रम फैलाने का राजद और कांग्रेस के नेताओं द्वारा षड्यंत्र रचा जा रहा है। चिराग पासवान ने कहा कि असल मायने में जनता को इन्हीं लोगों से खतरा है। अगर इन लोगों की सरकार बनती है तो बिहार में फिर से आतंक और जंगलराज कायम हो जाएगा
फिर से सिर काटने और जमीन कब्जा करने का प्रचलन आ जाएगा
मंगल पांडे ने भोजपुरी भाषा में काराकाट की जनता से एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा को वोट करने की अपील की। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं से देश की जनता को होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया। मंगल पांडे ने माले पर हमला करते हुए कहा कि अगर गलती से माले यहाँ से जीत जाती है तो फिर से सिर काटने और जमीन कब्जा करने का प्रचलन आ जाएगा
डालमियानगर कारखाना को चालू कराऊंगा
उपेंद्र कुशवाहा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार जनता अपना आशीर्वाद मुझे दें। चुनाव जीतने के बाद मैं काराकाट लोकसभा क्षेत्र के संपूर्ण विकास के साथ-साथ डालमियानगर कारखाना को चालू कराऊंगा। अगर डालमियानगर कारखाना मैंने चालू नहीं कराया तो 2029 में आपके सामने वोट मांगने नही आऊंगा। यह जनसभा अकोढ़ी गोला के प्रेमनगर हाई स्कूल मैदान में हुई, जहां काराकाट लोकसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा के पक्ष में लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय और उपेंद्र कुशवाहा विपक्ष पर जमकर बरसे।










