ये राजनीतिक साजिश है, जनता इसका जवाब देगी’, कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे केजरीवाल बोले

कथित शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार दिल्ली के CM केजरीवाल की ED रिमांड का आज अंतिम दिन है. ईडी की टीम उन्हें लेकर दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पहुंच गई हैं. बुधवार को उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने दावा किया था कि आज केजरीवाल कोर्ट में बड़ा खुलासा करेंगे

दिल्ली के शराब नीति केस मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर ईडी की टीम राउज एवेन्यू कोर्ट में पहुंच गई है.  कोर्ट के बाहर मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए केजरीवाल ने कहा कि ये राजनीतिक षड़यंत्र हैं और जनता इसका जवाब देगी. राउज़ एवेन्यू कोर्ट में दिल्ली के 4 कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, आतिशी और राज कुमार आनंद भी मौजूद हैं

उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने दावा किया है कि अरविंद केजरीवाल आज कोर्ट के अंदर शराब घोटाले में बड़ा खुलासा करेंगे. ऐसे में सबकी नजर राउज एवेन्यू कोर्ट पर है कि आखिर केजरीवाल ऐसा कौन सा बड़ा खुलासा करने वाले हैं.

आज ही केजरीवाल की ईडी कस्टडी खत्म हो रही है और हिरासत बढ़ाने की मांग करते हुए  ईडी आज केजरीवाल को अदालत में पेश करेगी. सूत्रों के मुताबिक, ईडी आज केजरीवाल की 7 दिनों की अतिरिक्त हिरासत की मांग करेगी. इसके पीछे ईडी कुछ दलीलें देगी जो इस प्रकार हैं-

उनके समक्ष भी बड़े पैमाने पर दस्तावेजों सामने रखे जा सकते हैं.

वह जांच के दौरान “सहयोग” नहीं कर रहे हैं.

अन्य आरोपियों से उनका आमना-सामना कराना है.

-रिश्वत कैसे प्राप्त की गई और अपराध की आय का उपयोग कैसे किया गया.

भले ही अरविंद केजरीवाल की ईडी हिरासत आज खत्म हो रही है, लेकिन संघीय जांच एजेंसी ने कथित उत्पाद शुल्क घोटाले में पूछताछ के  लिए आप गोवा अध्यक्ष अमित पालेकर, रामाराव वाघा और दो अन्य को तलब किया है. अमित पालेकर ईडी दफ्तर पहुंच गए हैं. ईडी ने उनसे गोवा या दिल्ली में अपने बयान दर्ज कराने को कहा था.

हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत

इससे पहले बुधवार को ही दिल्ली हाईकोर्ट से अरविंद केजरीवाल को उस वक्त तगड़ा झटका लगा जब अदालत ने उनकी गिरफ्तारी और उनकी ईडी कस्टडी के मामले में कोई राहत देने से इनकार कर दिया. इस मामले में कोर्ट ने ईडी से जवाब मांगा और इसकी अगली सुनवाई 3 अप्रैल को तय की है. उधर केजरीवाल की गिरफ्तारी से घमासान बढ़ गया है. बीजेपी औऱ आम आदमी पार्टी लगातार एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.

शराब घोटाले में गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल

आपको बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद 21 मार्च को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था. दिल्ली शराब घोटाले में उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट ने 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था. अपनी गिरफ्तारी के बाद भी अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है. आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और जरूरत पड़ने पर जेल से सरकार चलाएंगे.

क्या थी नई शराब नीति?

– 22 मार्च 2021 को मनीष सिसोदिया ने नई शराब नीति का ऐलान किया था.
– 17 नवंबर 2021 को नई शराब नीति यानी एक्साइज पॉलिसी 2021-22 लागू कर दी गई.
– नई शराब नीति आने के बाद सरकार शराब के कारोबार से बाहर आ गई. और पूरी शराब की दुकानें निजी हाथों में चली गई.
– नई नीति लाने के पीछे सरकार का तर्क था कि इससे माफिया राज खत्म होगा और सरकार के रेवेन्यू में बढ़ोतरी होगी. हालांकि, नई नीति शुरू से ही विवादों में रही. जब बवाल ज्यादा बढ़ गया, तब 28 जुलाई 2022 को सरकार ने नई शराब नीति रद्द कर फिर पुरानी पॉलिसी लागू कर दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें