: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता व हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की एक दिन पहले मुलाकात हुई थी। सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों में सीट शेयरिंग को लेकर बात बिगड़ी है। जजपा ने दो सीटें मांगी थी लेकिन भाजपा ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी जिससे गठबंधन टूटना तय हो गया था।
लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन टूट गया है। चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद सीएम अपने मंत्रिमंडल के साथ राजभवन पहुंचे और पूरी कैबिनेट का इस्तीफा सौंपा। अब शाम को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
सूत्रों के अनुसार, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपनी सरकारी गाड़ियां लौटा दी हैं। इसके अलावा जजपा में भी टूट की खबर है। सूत्रों के अनुसार, जजपा विधायक देवेंद्र बबली भी भाजपा की बैठक में शामिल होंगे।
बैठक के लिए पर्यवेक्षक अर्जुन मुंडा और तरुण चुघ चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए है। सूत्रों के अनुसार विधायक दल की बैठक सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में हो रही है। बैठक में नया नेता चुना जाएगा। बैठक में ही तय होगा कि पार्टी चुनाव में मनोहर लाल के नेतृत्व में ही उतरेगी या कोई नया चेहरा सामने आएगा। सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल के कुछ चेहरे बदले जाएंगे। नई कैबिनेट में निर्दलीयों को ज्यादा महत्व दिया जाएगा।
वहीं सिरसा के विधायक और हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने कहा है कि गठबंधन (बीजेपी-जेजेपी) लगभग टूट चुका है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी सभी 10 सीटें जीतेगी। जेजेपी के बिना भी हरियाणा सरकार जीतेगी।
इसी बीच हरियाणा के निर्दलीय विधायक नयन पाल रावत ने कहा कि हमने पहले ही सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व वाली सरकार को अपना समर्थन दे दिया है। सीएम मनोहर लाल से मुलाकात में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई। बातचीत से मुझे ऐसा आभास हुआ था जजपा से गठबंधन तोड़ने की शुरुआत हो चुकी है।










