ग्राहक बनकर दुकान में आए 3 युवक, फिर पर्स की जगह निकाला असलहा… कैश और कपड़े लेकर फरार

रोहतक : रोहतक जिले के कलानौर में दुकानदार से गनपॉइंट पर लूट करने की वारदात सामने आई है। दुकान में कपड़े खरीदने आए बदमाशों ने पहले कपड़े खरीदे और फिर पिस्तौल तानकर दुकानदार को डराया। वहीं कैश व कपड़े लेकर भाग गए। यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी शिकायत दुकानदार ने पुलिस को की है।

चरखी दादरी जिले के गांव मालपोश निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कलानौर बस स्टैंड के पास नगर पालिका की दुकानों में गारमेंट्स की दुकान है। रविवार को तीन युवक कपड़े खरीदने के बहाने से दुकान में आए। आरोपियों ने 5400 रुपए के कपड़े पसंद करके पैक करवा लिए। इसी दौरान आरोपियों ने पिस्तौल निकाला और दुकानदार पर तान दिया। आरोपी युवकों ने डराते हुए पैसे भी मांगे। दुकानदार ने कहा कि आरोपियों ने 10 हजार रुपए की डिमांड की। डर के मारे दुकानदार ने करीब 2500 रुपए गल्ले से निकालकर दे दिए। वहीं आरोपी पैक करवाए हुए कपड़े व कैश लेकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

और पढ़ें