जिस खिलाड़ी पर पिछले कुछ दिनों से सवाल उठ रहे थे, उसी ने फाइनल के सबसे बड़े मंच पर ऐसा धमाका किया कि क्रिकेट जगत हैरान रह गया। इंडिया ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया। दांबुला के रंगीरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन उनका यह फैसला वैभव सूर्यवंशी के सामने पूरी तरह गलत साबित हुआ।

महज 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी पारी का पांचवां छक्का लगाकर 50 रन पूरे किए और इसी के साथ लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने लगभग 20 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि अगर युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे लंबे फॉर्मेट में अपनी क्षमता के मुताबिक खेलते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंक सकते हैं। उन्होंने साथ ही फैंस और विशेषज्ञों से इस युवा खिलाड़ी के प्रदर्शन का बहुत अधिक विश्लेषण नहीं करने की अपील की। आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है। इस युवा खिलाड़ी को आयरलैंड और इंग्लैंड के 7 मैच के दौरे के लिए चुना गया है। इस दौरे में आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच खेले जाएंगे जिनकी शुरुआत 26 जून को बेलफास्ट में होगी।











