हरियाणा विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम स्तर पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हरियाणा के चुनाव प्रचार के लिए कार्यकर्ताओं के साथ ऑनलाइन संवाद किया। इस संवाद पर उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, कांग्रेस का आधार सिर्फ झूठ बोलने का है। कांग्रेस बड़े-बड़े झूठे दावे कर रही है। कांग्रेस के झूठे दावे का करंट कमजोर हो चुका है। मोदी ने कांग्रेस के ऊपर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा, कांग्रेस अधिकतर समय गुटबाजी और कांग्रेस नेताओं का हिसाब चुकता करने में बीतता है। कांग्रेस जनता के मुद्दों से दूर हो गईं है। हरियाणा की जनता को कांग्रेस के झूठ पर विश्वास नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस यदि धोखे से जीत भी गई, तो यहां गांधी परिवार और उनके जीजा का राज होगा। मोदी जी ने कहा कांग्रेस की आंतरिक कलह से हरियाणा का बच्चा-बच्चा परिचित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को झूठी पार्टी बताते हुए, भाजपा कार्यकर्ताओं से हरियाणा विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ युद्ध करने का शंखनाद किया है। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में झूठ को लेकर कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं।उससे ऐसा लगता है, महाभारत की युद्ध भूमि में एक बार फिर से धर्म और अधर्म अर्थात झूठ और सच की लड़ाई लड़ी जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा के चुनाव प्रचार में पहली बार पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक-एक झूठ पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा, नरेंद्र मोदी भारत में चीन का माल बेचना चाहते हैं। भारत में माल नहीं बनाना चाहते हैं। जिसके कारण हरियाणा के युवाओं को ना तो नौकरी मिल रही है, नाही रोजगार मिल रहा है। चीनी कंपनियों की लिस्ट देखिए,भारत में उनका पार्टनर कौन है। नरेंद्र मोदी झूठ की मार्केटिंग पिछले कई वर्षों से कर रहे हैं। हरियाणा के युवा चोरी-छिपे भाग कर अवैध रूप से लाखों रुपए खर्च करके विदेश जा रहे हैं। बच्चे अपने माता-पिता से मिलने विदेश में चीख और चिल्ला रहे हैं। हरियाणा में कोई जॉब नहीं है। उन्होंने कहा मैं झूठ नहीं बोलता हूं। झूठ बोलना मोदी जी का काम है।10 साल से हरियाणा में भाजपा की सरकार है। इन्होंने कितना झूठ बोला है, यह हरियाणा की जनता को पता है। राहुल ने कहा कि हम कल जम्मू कश्मीर गए थे। वहां के सेव का व्यापार पूरी तरह से ढप्प हो गया है।कश्मीर के सेव का व्यापार अदाणी को मोदी जी ने दे दिया है हरियाणा में नशे की गंगा बह रही है। हरियाणा के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। नौकरी नहीं मिल रही है। गुजरात के अदानी पोर्ट से हजारों किलो ड्रग्स भारत में बेचा जा रहा है। हरियाणा के युवा नशे के शिकार हो रहे हैं। राहुल गांधी ने 2013 से 2024 के बीच में बोले गए मोदी जी और भाजपा के झूठ की गिनती कराते हुए, राहुल ने अपने आप को सच बोलने वाला बताया। राहुल गांधी ने मोदी जी को झूठ बोलने वाला नेता बताया। हरियाणा के चुनावी मैदान में सच और झूठ की यह लड़ाई मतदाताओं के सहारे, कांग्रेस और भाजपा द्वारा लड़ी जा रही है। जिस तरह से एक दूसरे के ऊपर झूठ बोलने के आरोप दोनों ही पक्षो द्वारा एक दूसरे के ऊपर लगाए जा रहे हैं। उससे कौरव-पांडवों के बीच हुए युद्ध की यादें ताजा हो जा रही हैं। धर्म और अधर्म की लड़ाई, कौरव और पांडवों के बीच में महाभारत का युद्ध लड़ा गया था। ठीक वैसे ही हरियाणा विधानसभा चुनाव का युद्ध कुरुक्षेत्र की भूमि में होता हुआ दिख रहा है। हरियाणा के चुनाव में कौन सच्चा है, कौन झूठा है। इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा। राहुल गांधी ने अपने आप को युद्धिष्ठर के रूप में पहचान बनाने की कोशिश की है। हरियाणा की जनता ने पिछले 10 सालों में डबल इंजन की सरकारों का सच और झूठ दोनों का अनुभव किया है। कांग्रेस ने पिछले 10 सालों में क्या किया है यह भी हरियाणा जनता ने देखा है। चुनाव परिणाम ही हरियाणा के झूठ और सच का फैसला करेंगे। हरियाणा के चुनाव में दोनों ही पार्टियों की विश्वसनीयता को लेकर जनता के मन में क्या है चुनाव परिणाम के बाद पता लग जाएगा कौन झूठा और कौन सच्चा है










