उम्र घटाने की मशीन के नाम पर करोड़ों की ठगी

ऑक्सीजन थेरेपी से बुजुर्गों को जवान बनाने दिया झांसा – चेन मार्केटिंग के जरिए लोगों को दिया कमीशन का लालच कानपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुढ़ापे में जवानी लाने की मशीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। एक महिला, रेनू सिंह चंदेल ने स्वरूप नगर निवासी राजीव कुमार दुबे और उनकी पत्नी रश्मि दुबे पर करोड़ों रुपए ठगने का आरोप लगाया है। रेनू ने किदवई नगर थाने में इनके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रेनू का आरोप है कि दंपति ने इजराइली मशीन के जरिए ऑक्सीजन थेरेपी से बुजुर्गों को जवान बनाने का झांसा देकर उससे 12 लाख रुपये ठगे। दंपति ने दावा किया कि उनकी मशीन 64 साल से अधिक उम्र के लोगों को तीन महीने में 25 साल का बना सकती है। इसमें से 9 लाख रुपये 150 आईडी बनाने के लिए और 3.50 लाख रुपये बिजनेस बढ़ाने के नाम पर लिए गए। पीड़िता के अनुसार, दंपति ने रिवाइवल वर्ल्ड नामक संस्था का संचालन किया। और इजरायली वैज्ञानिकों के शोध के जरिए अपनी मशीन का प्रचार किया। आरोपियों ने बताया कि मशीन 25 करोड़ रुपये में खरीदी गई है और इसमें एक बार में 10 लोग बैठ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने चेन मार्केटिंग के जरिए लोगों को कमीशन का लालच भी दिया। डीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि किदवई नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें