लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नकाबपोश महिलाओं का गैंग सामने आया है. इस गैंग की करीब आधा दर्जन महिलाएं स्वास्थ्य विभाग के एक अफसर के घर में घुस गईं और चोरी की घटना को अंजाम दिया. महिलाओं के पास चाकू, रॉड जैसे हथियार भी थे. यह घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है.
दरअसल, यह पूरी वारदात लखनऊ के थाना आशियाना इलाके में हुई है. यहां स्वास्थ्य विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर संदीप गुलाटी के घर महिलाओं ने वारदात को अंजाम दिया. जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें देखा गया कि नकाब पहने और बोरी लिए पांच महिलाएं नजर आई. जिसके बाद घर में अंदर घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया.
घटना 7 जून की रात के करीब 3.30 बजे की है. जानकारी के अनुसार घर से पैसे और जर-जेवरों की चोरी की गई. साथ ही, घर के अंदर एक महिला पंखे तक चोरी करती नजर आई. संदीप गुलाटी ने पुलिस को कंप्लेंट दर्ज कराई.










