‘ये तो फौज की पक्की नौकरी के लिए पक्का है’, पंडाल के पाइप पर चढ़े युवक से अखिलेश यादव ने की बात

अखिलेश यादव प्रतापगढ़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे, इसी दौरान उनकी नजर पंडाल के पाइप पर चढ़े युवक पर गई तो वो उससे बात करने लगे. सपा  मुखिया ने कहा कि ये तो फौज की पक्की नौकरी के लिए पक्का है.

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की जनसभाओं में खूब भीड़ हो रही है. ऐसी ही भीड़ बुधवार को प्रतापगढ़ में भी दिखाई दी. कई युवा मैदान में लगे पंडाल के पाइप पर चढ़कर अखिलेश को सुन रहे थे. जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश की नजर पाइप पर चढ़े युवक पर चली गई तो उन्होंने अपनी बात अधूरी छोड़कर उस युवा से बात करनी शुरू कर दी.

अखिलेश अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस व्यवस्था में किए गए सुधार कार्यों का जिक्र कर रहे थे, लेकिन जब उन्होंने एक युवा को पाइप पर चढ़े हुए देखा तो  कहा ये तो फौज की पक्की नौकरी के लिए पक्का है और इसीलिए हम अग्निवीर योजना को स्वीकार नहीं कर सकते.

ये तो फिजिकल यूं ही पास कर जाएगा: अखिलेश

सपा मुखिया ने कहा, “ये नौजवान जो हमें दिखाई दे रहा है, जिसकी ताकत में दम है. ये अग्निवीर नहीं फौज की पक्की नौकरी के लिए पक्का है. दोनों हाथ से पकड़ो बेटा नहीं तो गिर जाओगे. हमने सबने देख लिया तुम्हारे हाथ में बहुत ताकत है. ये ताकत हर एक के हाथ में नहीं होती. इतना कोई नहीं चढ़ सकता है. ये तो फिजिकल यूं ही पास कर जाएगा. इसको जरूरत नहीं किसी चीज की. हमारे गांव के और गरीब नौजवान इतना मजबूत है शरीर से कि उसे पक्की फौज की नौकरी मिलनी चाहिए. इसीलिए हम अग्निवीर स्वीकार नहीं करेंगे. हम फौज की पक्की नौकरी देंगे

इससे पहले जनसभा में अखिलेश ने एनडीए के 400 पार नारे को लेकर तंज कसते हुए कहा था कि इधर थोड़ा मौसम बदला है, चुनाव का मौसम बदलता चला जा रहा है. 400 पार वाले, 400 हारने जा रहे हैं. इस बार 140 करोड़ की जनता इनको 140 सीट के लिए भी तरसा देगी. वहीं प्रतापगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी संगम लाल पटेल द्वारा भावुक हो जाने पर भी अखिलेश ने तंज कसा है. अखिलेश ने कहा, “सुनने में आ रहा है कि जनता का गुस्सा देखकर यहां के प्रत्याशी की आंखों से आंसू निकल आए.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें