Bigg Boss OTT विनर Elvish Yadav: नई मुसीबत में फंसे एल्विश यादव, इस मामले में हुई FIR

गुरुग्राम (पवन कुमार सेठी) : बिग बॉस ओटीटी विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव का मारपीट करने का वीडियो वायरल हो गया है। मारपीट का वीडियो पूरे दिन सोशल मीडिया पर ट्रेंड करता रहा। एल्विश यादव और उसके साथियों ने पीड़ित युवक के साथ सेक्टर-53 में स्थित साउथ प्वाइंट मॉल में मारपीट की थी। शिकायत पर सेक्टर-53 थाने में शुक्रवार देर रात को पुलिस ने आईपीसी की धारा 149,147,323 और 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने एल्विश यादव व उसके साथियों को आरोपी बनाया है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार की मानें तो मूलरूप से दिल्ली के समता विहार मुंकदपुर निवासी सागर ठाकुर ने शिकायत में बताया कि उनको सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मैक्सटर्न के नाम से भी जानते है। उनके यूट्यूब, इंस्टाग्राम, एक्स पर लाखों फॉलोअर है। उन्होंने बताया कि वह एल्विश यादव को साल 2021 से जानते है। शिकायत में कहा कि एल्विश यादव और उसके साथियों द्वारा सोशल मीडिया पर हेट स्पीच देने के कारण वह आहत हैं। ऐसे में एल्विश से मिलकर बातचीत करना चाहते थे। एल्विश से मिलने के लिए वह वीरवार को गुरुग्राम में पहुंचे। वीरवार देर रात को 12 बजे के लगभग सेक्टर-53 स्थित साउथ प्वाइंट मॉल के स्टोर में एल्विश यादव अपने आठ से दस साथियों के साथ आते ही उसके साथ मारपीट करते हुए गालियां देने लगे। आरोप है कि एल्विश ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। सागर ने आरोप लगाया कि उन्होंने शराब भी पी हुई थी। पूरा घटनाक्रम यहां लगे कैमरे में कैद हो गया।

नोएडा में हुई रेव पार्टी को लेकर विवादों में आए थे एल्विश
आपको बता दें कि एल्विश का विवादों से नाता रहा है। इससे पहले वह नोएडा में हुई रेव पार्टी को लेकर विवादों में आए थे। जिसमें स्नेक बाइट देने में एलविश का नाम सामने था, जिसमें उनकी मुश्किलें बढ़ गई थी। यह मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ था कि अब मारपीट का वीडियो सामने आ गया। इससे पहले वह गुड़गांव में हुई जी20 बैठक के दौरान चर्चा में आए थे, जब एक लक्जरी गाड़ी में एंबियंस मॉल के बाहर से गमले चोरी होने की वारदात हुई थी। इस मामले में जिस गाड़ी का प्रयोग किया गया था, वह गाड़ी एल्विश की बताई जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें