नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती (पराक्रम दिवस) तथा नवोदय मिशन ट्रस्ट की सामाजिक सेवा की 17वीं वर्षगांठ के अवसर पर 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को नवोदय मिशन ट्रस्ट द्वारा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, विंध्यनगर के तत्वावधान में एवं एनटीपीसी विंध्य अस्पताल के सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में एनटीपीसी कर्मचारियों एवं उनके मित्रों ने “नर सेवा, नारायण सेवा” की भावना के साथ उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 31 यूनिट रक्तदान कर मानव जीवन रक्षा हेतु अमूल्य योगदान दिया। प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से सायं 8:30 बजे तक किया गया।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री जनार्दन पांडेय (प्रधानाचार्य, डीपीएस विंध्यनगर) एवं डॉ. ओ.पी. राय (सेक्रेटरी, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी) द्वारा किया गया। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर नवोदय मिशन ट्रस्ट के संस्थापक शांता कुमार ने कहा कि समाजसेवा के कार्य सेवा-समर्पित भाव से निरंतर किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि नवोदय मिशन का मूल उद्देश्य निर्धन एवं वंचित वर्ग के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है तथा समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न आयामों में सक्रिय सहभागिता निभाना है। उन्होंने समाजसेवियों एवं शुभेच्छुओं से आर्थिक सहयोग एवं समय-दान के माध्यम से संस्था को निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया, जिससे सामाजिक दायित्व विभाग के तत्वावधान में शिक्षा के विभिन्न कार्यक्रमों को आवश्यकता अनुसार सुदृढ़ किया जा सके और बच्चों तक बेहतर शिक्षा एवं सुविधाएँ पहुँचाई जा सकें।
कार्यक्रम का सफल संयोजन नवोदय मिशन ट्रस्ट के ट्रस्टी कृष्ण कांत वशिष्ठ द्वारा किया गया, जिनके अथक प्रयासों से यह सेवा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने एनटीपीसी प्रबंधन, अस्पताल प्रबंधन, सीआईएसएफ तथा प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों एवं मित्रों के प्रति आभार व्यक्त किया।





