Khandwa-Khargone LS Election: निमाड़ के खंडवा और खरगोन लोकसभा सीट से बढ़त ले रही भाजपा, अब निर्णायक जीत की ओर

मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां की 29 की 29 ही सीट पर भारतीय जनता पार्टी लीड ले रही है। निमाड़ में अब भी बीजेपी का दबदबा कायम है। खंडवा-खरगोन लोकसभा में भाजपा निर्णायक जीत की ओर बढ़ रही है।

लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना का दौर जारी है। इसी बीच देश में कई स्थानों पर एनडीए और इंडि एलायंस के प्रत्याशी निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां की 29 की 29 ही सीट पर भारतीय जनता पार्टी लीड ले रही है। निमाड़ में अब भी बीजेपी का दबदबा कायम है। खंडवा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने ईवीएम के साथ छेड़छाड़ होने का भी अंदेशा जताया है। उनके आरोप हैं कि जब गणना के लिए मशीनों को लाया गया तो उसकी बैटरी 90 से 99% तक थी, जिसको लेकर उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र भी दिया

खंडवा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल इस बार करीब दो लाख मतों से कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल से आगे चल रहे हैं। साफतौर पर देखा जाए तो यह एक निर्णायक बढ़त है। बता दें कि पिछली बार हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल ने लगभग 82000 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पर जीत दर्ज कराई थी, लेकिन इस बार हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को अब तक दो लाख मतों से पछाड़ रखा है।

बता दें कि साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान इस सीट से करीब दो लाख नब्बे हजार वोटो से जीते थे, तो वहीं अब उन्हीं के शागिर्द माने जाने वाले ज्ञानेश्वर पाटिल इस बार 3 लाख का जादुई आंकड़ा पार करते हुए खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अभी वोटो की गिनती लगातार जारी है, और माना जा रहा है कि यह निर्णायक बढ़त और बढ़ेगी। यह आंकड़ा लगभग 3 लाख के पार पहुंचेगा। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि अभी मतों की गणना जारी है। इसलिए अब देखना यह होगा कि मतों की गणना के फाइनल आंकड़ों में वे कितनी बढ़त से अपनी जीत दर्ज कराते हैं।

वहीं खरगोन लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पटेल भी निमाड़ की इस सीट पर अपना रुतबा कायम रखे हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी पोरलाल खरते से करीब एक लाख 26 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं। हालांकि माना जा रहा था कि सरकारी नौकरी छोड़ राजनीति में आए खरते इस बार बीजेपी को कड़ी टक्कर दे सकते हैं, लेकिन मत गणना के आंकड़े इसके ठीक उलट हैं, और खरगोन की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर ही अपना विश्वास जताया है। बता दें की यहां पिछले चुनाव में बीजेपी के गजेंद्र पटेल ने 2 लाख से अधिक मतों से कांग्रेस प्रत्याशी को हराया था, तो वही एक बार फिर से वह अपने उस इतिहास को दोहराने की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि उनके समर्थकों का मानना है कि वह इस बार करीब 3 लाख से अधिक मतों से अपनी जीत दर्ज कराएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें