शाजापुर जिला अस्पताल का हाल-बेहाल: मरीज अपने घर से ही पंखे लेकर जा रहे, अव्यवस्था चरम पर

मध्यप्रदेश में शाजापुर जिला अस्पताल का हाल-बेहाल है। गर्मी से राहत पाने के लिए मरीजों के परिजन अपने-अपने घरों से ही पंखे लेकर अस्पताल जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश में इन दिनों गर्मी अपने शबाब पर है। प्रदेश के कई जिले 45 डिग्री से अधिक तापमान को छू रहे हैं। ऐसे में हर कोई अपने आपको गर्मी और लू के प्रकोप से बचाने की जुगाड़ में लगा हुआ है। लेकिन शाजापुर का जिला अस्पताल अपनी अव्यवस्था के कारण फिर से चर्चा में है। क्योंकि यहां मरीज और उनके परिजन स्वयं पंखा लेकर अस्पताल में पहुंच रहे हैं।

आपको बता दें, शाजापुर जिला चिकित्सालय डॉक्टर भीमराव अंबेडकर हॉस्पिटल को बने हुए लगभग पांच साल से अधिक हो चुके हैं और आए दिन जिला चिकित्सालय चर्चाओं का विषय बना ही रहता है। वहीं, फिर से जिला चिकित्सालय में पदाधिकारियों की मनमानी सामने आई है। एक ओर गर्मी अपना कहर बरसाती भी दिखाई दे रही है तो वहीं दूसरी ओर शाजापुर के सरकारी अस्पताल में मरीजों का हाल गर्मी से बेहाल दिखाई दे रहा है। प्रत्येक वार्ड में पंखे तो लगे हुए हैं, लेकिन वह ऐसी गर्मी में कहां दम टेक पा रहे हैं और गर्मी से बचने के लिए लोग अपने-अपने घरों से टेबल फैन लाकर गर्मी से अपना बचाव कर रहे हैं।

गौरतलब है कि शाजापुर जिला कलेक्टर रिजु बाफना भी समय-समय पर जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करती रही हैं। लेकिन उनके निरीक्षण करने के बावजूद भी जिला चिकित्सालय की व्यवस्था में कोई नहीं सुधार नहीं हो पा रहा है। वहीं, अस्पताल के प्रत्येक डॉक्टर के कक्ष की बात करें तो उनमें एसी लगी हुई है।

वहीं, मरीज के परिजन गिरिराज मालवीय ने बताया कि वह विगत तीन दिन पहले सलसलाई से अपने मरीज को लेकर जिला अस्पताल आए थे। अस्पताल में गर्मी बहुत है। लेकिन पंखे की कोई व्यवस्था नहीं होने से मरीज एवं परिजन परेशान हो रहे हैं। मरीज की परेशानी को देखते हुए हम घर से पंखे जिला अस्पताल में लेकर आए हैं, तब जाकर हमारे मरीज को गर्मी से राहत मिली है।

वहीं, दूसरे मरीज के परिजन सुरेश सौराष्ट्रीय ने बताया कि वहां जिला अस्पताल में भर्ती मरीज से मिले थे। मरीज का कहना है कि जिला अस्पताल में गर्मी से राहत के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, शाजापुर जिले में दर्ज तापमान की बात करें तो लगभग 45 डिग्री के आसपास है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें