Burhanpur: वो मासूम थी…चॉकलेट के बहाने बुलाकर दुष्कर्म किया और मार डाला, युवक पोर्न साइट देखता था, गिरफ्तार

बुरहानपुर में छह साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची 18 मई को घर के पास से लापता हुई थी। उसका शव 20 मई को आरोपी के घर के पीछे मिला था।

मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के शिकारपुरा थाना अंतर्गत आने वाले प्रतापपुरा क्षेत्र में शनिवार को छह साल की एक बच्ची अपने घर के पास से गायब हो गई। इसके बाद से लगातार बच्ची की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज करते हुए क्षेत्र में सर्चिंग शुरू की।

इसी बीच सोमवार को बच्ची का शव उसके घर के पास के ही एक खंडहर में पड़ा मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में बुरहानपुर एसपी देवेन्द्र पाटीदार सहित पुलिस बल ने अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने पड़ोस के ही एक युवक को बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और फिर उसकी हत्या कर शव को खंडहर में छुपाने के मामले में गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस के द्वारा इसे जघन्य हत्याकांड मानते हुए आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।

इस तरह हुई बच्ची के शव की तलाश

घर से गायब हुई बच्ची की तलाश करते हुए पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के पूरे क्षेत्र में सभी संभावित रास्तों के CCTV कैमरे खंगाले एवं डॉग स्क्वॉड सहित ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी क्षेत्र में सर्चिंग की गई। इसी के साथ बच्ची के परिजन, रिश्तेदार व क्षेत्र के लोगों से भी पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान सोमवार को बच्ची के घर के पास ही एक खंडहर मकान में हरे रंग की नेट से ढका हुआ बच्ची का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान उसके परिजनों से कराई गई और शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। शार्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामले में धारा-302, 201, 376 (A-B) भादवि का तथा 5M/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा किया गया

आरोपी ने इस तरह दिया दुष्कर्म और हत्या को अंजाम

इस जघन्य हत्याकांड के मामले में बच्ची का शव जिस स्थान पर मिला था, उस स्थान के आसपास के रहवासी लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान घटना स्थल से सटे मकानों में रहने वाले संदेहियों में से शंका के आधार पर गौरव उर्फ खुशाल को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि शनिवार की दोपहर वह घर में अकेला था। इस दौरान बच्ची खेलते हुए उसके घर के पास से निकल रही थी। तभी उसने पैसे व चॉकलेट देने के बहाने पास बुलाया और उसके साथ गलत काम करने लगा। इस दौरान बच्ची द्वारा विरोध करने पर आरोपी गौरव ने मौके पर पड़ी रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इससे बच्ची की मौत हो गई।

दुष्कर्म छुपाने के लिए आरोपी ने बच्ची की कर दी हत्या

बच्ची की मौत के बाद आरोपी घबरा गया और उसने बच्ची को पास वाले मकान की छत पर जाकर खंडहर वाले मकान में फेंक दिया। यही नहीं उसने शव को छुपाने के उद्देश्य से उसके ऊपर हरे रंग की नेट भी डाल दी। वहीं, पुलिस के अनुसार आरोपी ने दुष्कृत्य की घटना एवं साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से बच्ची की हत्या की थी। उसके बाद पुलिस द्वारा परिस्थतिजन्य साक्ष्य और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी गौरव उर्फ खुशाल पिता रूपचंद कलनारायण उम्र 21 वर्ष निवासी प्रतापपुरा बुरहानपुर को गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी में शिकारपुरा थाना प्रभारी हेमेन्द्र सिंह चौहान व उनकी टीम सहित थाना खकनार से आरक्षक शादाब अली व साइबर सेल टीम का महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरोपी सोशल मीडिया पर देखता था अश्लील कंटेंट

वहीं, मामले की जानकारी देते हुए बुरहानपुर एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि 18 तारीख को थाना शिकारपुर के अंदर एक मासूम बच्ची के साथ गंभीर घटना हुई थी। इसमें धारा-363 का प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में 20 तारीख में उस बच्ची की डेड बॉडी मिली थी। इसके बाद पुलिस द्वारा उसे रिकवर कर उसका पोस्टमॉर्टम करवाया गया था, जिसमें दुष्कर्म एंड मर्डर की पुष्टि हुई है।

प्रकरण में पुलिस ने और धारा बढ़ाई है, जो आरोपी था गौरव उर्फ खुशाल पिता रूपचंद कलनारायण उम्र 21 वर्ष, उसको पुलिस द्वारा कंफर्म करने पर और सारी चीजें पुष्टि करने पर गिरफ्तार किया गया। इस तरह त्वरित रूप से पुलिस द्वारा इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया। वहीं, एसपी पाटीदार ने बताया कि जो आरोपी है, उसका कहीं न कहीं सोशल मीडिया पर बहुत ही अश्लील कंटेंट में इंटरेस्ट था और विकृत मानसिकता का था, जिसके चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें