देश में हर तरफ लोकसभा चुनाव की चर्चा है और तमाम दल के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के जीत के दावे कर रहे हैं. ऐसे में बदायूं में ये बहस दो वकीलों के बीच इस कदर बढ़ गई कि उन्होंने अपने-अपने उम्मीदवारों की हार-जीत को लेकर दो-दो लाख रुपये की शर्त लगा ली और स्टांप पेपर पर इसका एग्रीमेंट भी कराया गया है. अब यह शर्त इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
देश में लोकसभा चुनाव का दौर चल रहा है और ऐसे में हर गली-नुक्कड़ पर बस इसी की चर्चा है. अलग-अलग दलों के समर्थक अपने नेताओं के चुनाव जीतने का दावा करते हैं और कई बार तो लोग इस पर जुबानी शर्त तक लगा लेते हैं. लेकिन बदायूं में नेताओं की जीत हारकर को लेकर दो वकीलों के बीच ऐसी शर्त लगी है जिसका एग्रीमेंट भी कराया गया है
वकीलों ने लगाई दो-दो लाख रुपये की शर्त
दरअसल बदायूं में भाजपा और सपा प्रत्याशियों की हार जीत को लेकर दो वकीलों में जंग छिड़ गई और अपने-अपने प्रत्याशियों की हार-जीत को लेकर उन्होंने दो-दो लाख रुपए की शर्त लगा ली. इस शर्त को लेकर दोनों वकीलों ने 10 रुपये के स्टांप पेपर पर लिखित अनुबंध भी किया है जिसमें दो अन्य वकीलों को गवाह भी बनाया गया है. अब शर्त लगाने वाले इन दोनों वकीलों को 4 जून का इंतजार है.










