बदायूं में डबल मर्डर के आरोपी साजिद का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है और दूसरे आरोपी जावेद की तलाश में जुटी हुई है. इस बीच मृतक एनकाउंटर नहीं होना चाहिए.
Badaun Double Murder Case: यूपी के बदायूं में दो बच्चों की हत्या करने वाले आरोपी साजिद का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है, लेकिन मृतक बच्चों की मां संगीता ने कहा कि उन्हें अभी इंसाफ नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि दूसरे आरोपी जावेद का एनकाउंटर नहीं होना चाहिए.
मृतक बच्चों की मां ने आजतक से बात करते हुए पुलिस से अपील की है कि साजिद के भाई जावेद का एनकाउंटर न करे क्योंकि अब वही एक ऐसा शख्स है जो बता सकता है कि साजिद ने बच्चों की हत्या क्यों की. इस दौरान संगीता ने ये भी कहा कि साजिद उसे भी मार डालना चाहता था. जब वो बच्चे की चीख के बाद छत की ओर भागी तो वो साजिद चिल्लाने लगा आजा, आजा.
संगीता ने कहा, “उसने बच्चों की गर्दन ही अलग कर दी. हम देख नहीं पाए. बच्चों ने छूटने की कोशिश की, लेकिन उसने नहीं छोड़ा. उसने बहुत बार चाकू से मारा. पूरी छत पर तड़पा-तड़पाकर मारा है. वो भी छत बंद करके. उसके बाद वो मुझे भी मारने के लिए दौड़ा.”
जावेद से पहले पूछताछ की जाए: संगीता
संगीता ने कहा, “जावेद को पहले बुलाकर पहले उससे पूछताछ की जाए. साजिद ने आखिर हमारे मासूम बच्चों के साथ ऐसा क्यों किया, उससे पूछा जाए. क्या दुश्मनी है या उससे किसी ने करवाया है या वो हमारे खिलाफ था. हमारे बच्चे उसी के यहां बाल कटवाते थे. उसका सैलून हमारे घर के ही सामने आया था.”
बच्चों की हत्या के पीछे कोई राज: पीड़ित पिता
बच्चों के पिता विनोद सिंह ने आशंका जताई है कि उनके बच्चों की हत्या के पीछे कोई न कोई राज है. उन्होंने कहा कि ऐसे ही कोई किसी के बच्चों को तो नहीं मार देगा. इसकी पूरी जांच होनी चाहिए और इसकी वजह सामने आनी चाहिए.
क्या है बदायूं की पूरी घटना?
सिविल लाइंस थाना इलाके में मंगलवार की देर शाम साजिद नाम का शख्स अपनी दुकान के सामने वाले विनोद सिंह के घर आया था. इस दौरान विनोद घर पर नहीं था. साजिद ने विनोद की पत्नी संगीता से पांच हजार रुपये मांगे. उसके बाद संगीता ने पति से फोन पर बात करने के बाद उसे रुपये दे दिए. उसके बाद वो घर की छत पर चला गया, जहां दोनों बच्चे आयुष (12) और आहान (6) थे. साजिद ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया. जिसमें दोनों की मौत हो गई. उसके बाद पुलिस ने साजिद का एनकाउंटर कर दिया था.










