मोदी की गारंटी पर देश को भरोसा, इसीलिए 400 पार का नारा लग रहा’, धनबाद की जनसभा में बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि ये इंडी गठबंधन वाले कितना भी दबाव बना लें, लेकिन ये मोदी न दबने वाला है और न ही हटने वाला है। मुफ्त अनाज की योजना मोदी चालू रखेगा ताकि गरीब के घर का चूल्हा जलता रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को धनबाद में रोड शो किया। इसके बाद उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का मकसद है- विकास, विकास और तेज विकास, जबकि कांग्रेस हो या उसके सहयोगी दल, वो विकास के सबसे बड़े दुश्मन हैं। देश कह रहा है कि जहां दूसरों से उम्मीद खत्म हो जाती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है। झारखंड के लोग मोदी की ऐसी अनेक गारंटियों के गवाह हैं, जो बीते वर्षों में पूरी हुई है।

पीएम मोदी ने कहा कि ये 400 पार का नारा ऐसे ही नहीं लग रहा है। ये तभी लग रहा है जब मोदी की गारंटी पर देश भरोसा कर रहा है। कभी-कभी मैं सोचता हूं कि पता नहीं मेरा कितने जन्मों का पुण्य होगा जो आप मुझे इतना प्यार और इतना आशीर्वाद दे रहे हैं। आप जो मुझे इतना प्यार देते हैं, इतना आशीर्वाद देते हैं, क्या मैं आपके लिए जिंदगी खपा पाऊंगा या नहीं? शरीर का कण-कण, समय का पल-पल आपको समर्पित करूंगा की नहीं? आपको विश्वास है ना? यही मोदी की गारंटी है।

JMM का मतलब हो गया है- जमकर खाओ: पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि झारखंड में तेज विकास के लिए जरूरी है कि यहां कानून व्यवस्था अच्छी हो, शासन-प्रशासन ईमानदार हो, लेकिन जब से यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की परिवारवादी, भ्रष्टाचारी और तुष्टिकरण वाली सरकार बनी है, तब से यहां स्थितियां बदली हैं। JMM का मतलब हो गया है- जमकर खाओ।

JMM और कांग्रेस को जमकर घेरा
पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों यानी JMM और कांग्रेस ने झारखंड की जनता को लूटकर, आपके पसीने की कमाई को लूटकर अपने लिए बेनामी संपत्तियों के पहाड़ बना लिए हैं। आपने देखा है कि यहां किस तरह नोटों की गड्डियां निकल रही हैं।

‘आपके बच्चों का भविष्य, मेरी गारंटी’
उन्होंने कहा कि JMM और कांग्रेस ने जनजातियों को सिर्फ वोट बैंक ही समझा है। ये लोग यहां के प्रतिभाशाली नौजवानों को कभी आगे नहीं बढ़ाएंगे, क्योंकि परिवारवादी अपने ही परिवार के बारे में सोचते हैं, लेकिन मोदी आपके बारे में सोचता है, आपके भविष्य के बारे में सोचता है। आप ही मेरे परिवारजन हैं, आपके बच्चों का भविष्य, मेरी गारंटी है।

‘मोदी न दबने वाला है और न ही हटने वाला है’
पीएम मोदी ने कहा कि ये इंडी गठबंधन वाले कितना भी दबाव बना लें, लेकिन ये मोदी न दबने वाला है और न ही हटने वाला है। मुफ्त अनाज की योजना मोदी चालू रखेगा ताकि गरीब के घर का चूल्हा जलता रहे। INDI गठबंधन विकास और जनता विरोधी है। इन लोगों के पास जनता का हक छीनकर सरकार में मौज करने के अलावा कोई और विजन नहीं है। जबकि मोदी की कोशिश है कि आपका अधिकार सीधा-सीधा आपको मिले। मोदी के ऐसे ही कामों ने INDI गठबंधन के बिचौलियों का कमीशन बंद कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें