नायक अवतार में दिखे मोहन यादव, CM हेल्पलाइन पर शिकायतकर्ताओं से खुद की बात और समस्याओं का हल भी किया

मैं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बोल रहा हूं…ये बोल थे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के…जी हां नायक मूवी तो आप सबने देखी ही होगी जिसमें सीएम खुद लोगों से सीधी बात करते हैं। ठीक वैसे ही आज उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव का भी कुछ ऐसा ही अंदाज देखने को मिला। जहां मुख्यमंत्री शहर के विकास को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर बैठक करने कोठी पैलेस स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले अधिकारियों से सीएम हेल्पलाइन के विषय में जानकारी मांगी। साथ ही तत्काल दो शिकायतकर्ताओं को फोन भी कर दिया। मुख्यमंत्री ने फोन करके शिकायतकर्ताओं से सबसे पहले कहा कि मैं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बोल रहा हूं। और फिर दोनों शिकायतकर्ताओं की शिकायत सुनी।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले शिकायतकर्ता ऋषिनगर निवासी नवीन पिता महेश माथुर से बात की। नवीन की शिकायत थी कि पिछले 1 वर्ष से उसका बैंक अकाउंट किसी कारण से सीज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने तत्काल नवीन को स्मार्ट सिटी कार्यालय बुलाया। नवीन ने मौके पर पहुंचकर मुख्यमंत्री को अपनी समस्या बताई। इसके साथ ही परिवार से जुड़ी एक और समस्या भी बता दी कि उसके पिता महेश माथुर को पैरालिसिस हो गया है और वह पेंशन के लिए भटक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए तत्काल ₹100000 सहायता राशि और सभी समस्याओं के निराकरण का आदेश कलेक्टर को दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने एक अन्य शिकायतकर्ता छात्रा सुनैना से फोन पर बात की। सुनैना ने बताया कि उसे छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है। तब मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रवृत्ति की व्यवस्था कराई जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक महत्वपूर्ण बैठक भी ली। बता दें कि उज्जैन में एक मार्च से व्यापार मेला, विक्रम उत्सव और इन्वेस्टर मीट होने जा रही है। इसी संबंध में अधिकारियों से चर्चा करने और व्यापार मेले के व्यापक स्तर पर तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री उज्जैन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दीप उत्सव कार्यक्रम ऐतिहासिक और विश्व स्तर का होना चाहिए। वही इन्वेस्टर मीट को लेकर जमीन अधिग्रहण करने की भी बात कही गई। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ को लेकर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें