सिंगरौली:– सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र के चौकी क्षेत्राअंतर्गत एक युवक की गला रेतकर की गई हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर पूरे इलाके में उबाल पैदा कर दिया है। हत्या से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। मृतक भूपेंद्र सिंह उर्फ राजा का शव नेहरू गेट के सामने रखकर लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। नारेबाजी, आक्रोश और न्याय की मांग के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई तथा मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
इस घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण और चर्चा का विषय बना पहलू यह रहा कि मृतक परिवार को न्याय दिलाने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा विधायक रामनिवास शाह भी धरने पर बैठ गए। विधायक का पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठना इस पूरे मामले को और गंभीर बना गया। आखिर हालात ऐसे क्यों बने कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सत्तापक्ष के विधायक को भी सड़क पर उतरना पड़ा? यह सवाल अब पूरे घटनाक्रम के केंद्र में है।
ओवरटेक का विवाद बना खूनी संघर्ष, गला रेतकर हत्या का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जयंत सेक्टर-बी निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ राजा देर रात जन्मदिन समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन को ओवरटेक करने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और भूपेंद्र पर चाकू से हमला कर उनका गला रेत दिया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
इस मामले में बनौली निवासी सागर वर्मा सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं। सागर को भाजपा जयंत मंडल अध्यक्ष का भतीजा बताया जा रहा है। वही मंडल अध्यक्ष का कहना है कि उक्त आरोपी से मेरा न तो कोई रिश्ता है और न ही किसी तरह का कोई परिवारीक संबंध है। हालांकि, घटना में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका का निर्धारण पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर होना बाकी है।
जिला बदर आरोपी जिले में कैसे घूम रहा था?
इस हत्याकांड ने एक और गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि घटना में शामिल एक आरोपी के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई हुई थी अथवा जिला बदर आदेश प्रभावी था। यदि ऐसा है तो वह सिंगरौली जिले में खुलेआम कैसे मौजूद था? क्या जिला बदर आदेश की निगरानी हो रही थी? क्या पुलिस को उसकी मौजूदगी की जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जिला बदर जैसे प्रतिबंधात्मक आदेशों का उद्देश्य ही अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखना है। ऐसे में इस मामले में आदेश की वास्तविक स्थिति, उसके पालन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
हत्या के पीछे कथित अवैध वसूली का मुद्दा भी गरमाया
जयंत में इस घटना के बाद केवल ओवरटेक विवाद ही चर्चा में नहीं है, बल्कि कोयला वाहनों की पार्किंग और कथित अवैध वसूली का मुद्दा भी लोगों के आक्रोश का हिस्सा बन गया है। स्थानीय लोगों के बीच पहले से चल रही वसूली संबंधी शिकायतों को लेकर नाराजगी जताई जा रही है। सवाल उठ रहा है कि यदि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें थीं तो जिम्मेदार तंत्र ने उन पर क्या कार्रवाई की?
मृतक के रिश्तेदार ने आरोपियों के एनसीएल की जमीन पर बने कथित अवैध मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और जयंत चौकी प्रभारी को हटाने की मांग की है। इन मांगों और आरोपों की जांच कर प्रशासन को तथ्यात्मक स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।
सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन खत्म नहीं करने की चेतावनी
मृतक के परिजन सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कथित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई और जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कदम उठाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना है कि केवल आश्वासन से न्याय नहीं मिलेगा। जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
विधायक का धरना, पुलिस अधिकारियों से घंटों चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा विधायक रामनिवास शाह का धरने पर बैठना प्रशासन के लिए भी गंभीर संदेश माना जा रहा है। विधायक ने पीड़ित परिवार के साथ बैठकर न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। वे जयंत चौकी में पुलिस अधिकारियों के साथ घंटों चर्चा करते रहे। इसके बावजूद लोगों का सड़क पर उतरकर चक्काजाम करना बताता है कि मामला सिर्फ एक हत्या तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि लोगों के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जब जनप्रतिनिधि को भी पीड़ित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठना पड़े तो प्रशासन के सामने जनता का विश्वास बहाल करने की चुनौती और बड़ी हो जाती है।
दो लोगों से पूछताछ, पुलिस ने शुरू की जांच
नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के अनुसार, मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया गया है। पुलिस को एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की जानकारी मिली थी। प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हत्या के कारणों और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
अब आश्वासन नहीं, जवाबदेही और कार्रवाई चाहिए

भूपेंद्र सिंह उर्फ राजा की हत्या ने जयंत की कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह सिर्फ ओवरटेक विवाद में हुई वारदात है या इसके पीछे कोई और घटनाक्रम भी है? जिला बदर आदेश की स्थिति क्या थी? कथित अवैध वसूली की शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? और पुलिस को पहले से किसी विवाद की जानकारी थी तो उसे रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए?
इन सवालों का जवाब केवल बयान जारी करने से नहीं मिलेगा। इसके लिए निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और यदि लापरवाही प्रमाणित होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई जरूरी है।
जयंत की सड़क पर उमड़ा जनसैलाब अब सिर्फ एक परिवार के आंसुओं का सवाल नहीं उठा रहा, बल्कि व्यवस्था से जवाब मांग रहा है। देखना यह है कि प्रशासन इस आक्रोश को महज आश्वासन देकर शांत करता है या जांच और कार्रवाई के जरिए जनता का भरोसा दोबारा जीतने की कोशिश करता है।









