राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली द्वारा जिले के समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के लिए नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के संचालन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। शासन के निर्देशानुसार नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा।
नवीन सत्र के प्रथम दिवस पर सभी विद्यालयों में ‘प्रवेशोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा। साथ ही, ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत शिक्षकों द्वारा घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे।
शिक्षा विभाग द्वारा यह भी निर्देशित किया गया है कि सत्र प्रारंभ होते ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। विद्यालयों में पुस्तकालयों को सक्रिय करते हुए ‘लर्निंग कॉर्नर’ में पुस्तकों का प्रदर्शन अनिवार्य किया गया है।
कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए ‘स्कूल रेडिनेस’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘विद्या प्रवेश’ गतिविधियों का संचालन किया जाएगा, जिससे बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिल सके। वहीं कक्षा 1 से 4 तक के विद्यार्थियों के लिए बुनियादी साक्षरता एवं गणनात्मक कौशल (FLN) पर विशेष ध्यान देते हुए आवधिक आकलन के आधार पर पुनः शिक्षण कार्य कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, चयनित विद्यालयों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं हेतु 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का चिन्हांकन कर प्रवेश दिया जाएगा। ग्रीष्मकालीन अवकाश से पूर्व विद्यार्थियों को स्थानीय परिवेश एवं कौशल विकास पर आधारित प्रोजेक्ट कार्य भी प्रदान किए जाएंगे।
समस्त गतिविधियों की सतत निगरानी हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो विद्यालयों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट जिला शिक्षा केंद्र अनूपपुर को प्रस्तुत करेंगे।










