भोपाल। मध्य प्रदेश गृह विभाग द्वारा जारी पदोन्नति आदेश में एक बड़ा प्रशासनिक सवाल खड़ा हो गया है। विभाग ने 261 निरीक्षक समकक्ष अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक (DSP) पद पर पदोन्नत किया है, लेकिन सूची में शामिल एक नाम ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षक संतोष कुमार गुप्ता, जो 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उन्हें भी DSP पद पर पदोन्नत किया गया है। हैरानी की बात यह है कि यह पदोन्नति आदेश उनके रिटायरमेंट के करीब तीन महीने बाद जारी हुआ है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह गृह विभाग की प्रशासनिक चूक है या फिर सेवानिवृत्ति से पहले देय नोटेशनल (काल्पनिक) पदोन्नति के तहत आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि इसी आदेश के तहत 261 निरीक्षक समकक्ष अधिकारियों के अलावा 54 विसबल कंपनी कमांडर, 30 रक्षित निरीक्षक और 16 विशेष शाखा के अधिकारियों को भी DSP पद पर पदोन्नति दी गई है।
हालांकि, रिटायर अधिकारी का नाम पदोन्नति सूची में शामिल होने के बाद पुलिस विभाग की पदोन्नति प्रक्रिया, रिकॉर्ड सत्यापन और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर गृह विभाग के आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी है।










