Uttarakhand News: बस हादसे के घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे CM धामी — मृतकों के प्रति जताई संवेदना, घायलों के उपचार में लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश….

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी क्षेत्र अंतर्गत क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल हुए हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के यात्रियों का हाल-चाल जानने के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया.

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकीय टीम को सभी घायलों को सर्वोत्तम और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर विकासनगर में उपचाराधीन दुर्घटना के घायलों को भी समुचित और संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड में उपचाराधीन हिमाचल के सभी घायल यात्रियों का समुचित और मुफ्त इलाज किया जा रहा है.

और पढ़ें