बकरीद के मौके पर तेलंगाना में कुर्बानी देने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

तेलंगाना के मेडक में बकरीद के मौके पर जानवर की कुर्बानी को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक आरएसएस और हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ता एक मदरसे के पास जमा हो गए और वो जानवर की कुर्बानी का विरोध करने लगे. इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था.

तेलंगाना के मेडक जिले में बकरीद के मौके पर कुर्बानी देने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को दोपहर लगभग 12 बजे, इंद्रपुरी कॉलोनी में मिराज उल उलूम मदरसा के प्रबंधन ने बकरीद पर कुर्बानी देने के लिए एक जानवर खरीदा था.

इसके बाद आरएसएस और हिंदू वाहिनी के सदस्य जानवरों की कुर्बानी के विरोध में मदरसे के पास एकत्र हो गए. आरएसएस और हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ता के विरोध के बाद इलाके के डीएसपी ने उस जानवर के मेडिकल जांच का आश्वासन दिया.

एआईएमआईएम विधायक एम.कौसर के आरोपों के अनुसार, हजारों वीएचपी और हिंदू वाहिनी कार्यकर्ताओं ने मदरसे पर हमला किया, जिसमें प्रमुख बॉम्बे आरिफ सहित प्रबंधन के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जब घायलों को मेडक टाउन पुलिस स्टेशन के सामने एक अस्पताल में ले जाया गया, तो कार्यकर्ता फिर से इकट्ठा हो गए और वहां तोड़फोड़ करने लगे.

एआईएमआईएम पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एसपी और संबंधित अधिकारियों से इस मामले को लेकर बात की, जिसके बाद भीड़ को तितर बितर करने के  लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. घटना के बाद, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बाजार बंद होने और मुसलमानों पर हमले की खबरें सामने आईं.

विधायक कौसर ने कहा कि हनुमान जयंती के दौरान भी ऐसी ही घटना हुई थी, जिसमें कई मुसलमानों पर हमला किया गया था और उनकी दुकानों में तोड़फोड़  की गई थी. उन्होंने भाजपा, आरएसएस और हिंदू वाहिनी पर राज्य में हिंसा भड़काने और शांति भंग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां भी बीजेपी चुनी जाती है वहां ऐसी हिंसा होती है. हालांकि इस मामले में अभी पुलिस की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें