कटनी। सत्ता हासिल होने के बाद भाजपा नेता किस तरह अपने पद और प्रतिष्ठा के मद में चूर होकर किस तरह मनमानी कर रहे हैं उसका एक जीता जागता उदाहरण बुधवार रात रीठी शराब दुकान के सामने देखने को मिला। नेता जी अपनी मंडली के साथ गए थे शराब दुकान में मुफ्त की शराब पीने, लेकिन जब दुकानदार ने मुफ्त शराब देने से मना कर दिया तो नेताजी पूरी तरह गुंडागर्दी पर उतारू हो गए। उन्होंने शराब दुकान की शटर बंद कर दी और दुकानदार से गाली गलौज करने लगे। इसी बीच दुकानदार ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस थाने में दे दी। घटना की सूचना मिलने के बाद जब मामले को शांत कराने एक एएसआई और उनके साथ पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचा तो नेताजी आपा खो बैठे और एएसआई को ही धक्का मारते हुए गाली गलौज करने लगे। इस पूरी घटना को आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। आज नेताजी की गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर घूम रहा है। वीडियो देखते हुए लोग नेताजी की करतूत के साथ भाजपा पर भी उंगलियां उठाते नजर आ रहे हैं।
यह था मामला
सूत्रों का कहना है की रीठी क्षेत्र के एक भाजपा नेता जो कि वर्तमान में रीठी जनपद पंचायत के अध्यक्ष भी हैं वह अपनी मित्र मंडली के साथ बुधवार रात लगभग 9:30 बजे रीठी शराब दुकान में मुफ्त की शराब पीने पहुंचे थे। दुकानदार ने जब नेताजी को मुफ्त शराब देने से साफ इनकार कर दिया तो नेताजी आग बबूला हो गए और उन्होंने शराब दुकान की शटर बंद करके गाली गलोज करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद जब स्थानीय थाने में पदस्थ एएसआई और उनके सहयोगी घटना स्थल पर पहुंचे तो नेता जी और अधिक उत्तेजित हो गए और उन्होंने एएसआई से धक्का मुक्की करते हुए गाली गलौज करना शुरू कर दिया।
राजनैतिक दबाव की चर्चा
सूत्रों की माने तो नेताजी की इस गुंडागर्दी के बारे में जब बात जिले के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने नेताजी पर कार्यवाही न करने के लिए पुलिस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। शायद यही वजह है की घटना को कई घंटे होने को आए लेकिन अब तक पुलिस ने नेताजी के खिलाफ कोई भी मामला दर्ज नहीं किया है। अगर इसी तरह सत्ता पक्ष में मौजूद नेताओं के द्वारा मनमानी की जाती रही तो फिर ऐसे नेताओं से आम जनता राष्ट्रहित की अपेक्षा रखें भी तो कैसे। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि नेताजी किस तरह आपा खोकर ड्यूटी में तैनात एएसआई से बदसलूकी कर रहे हैं। उनकी भाषा शैली ऐसी थी जिसे दिखाना तो दूर सुनना भी किसी सभ्रांत शहरी के लिए उचित नहीं है। यही वजह है कि हमने वीडियो में उन बातों को दबा दिया जो आपत्तिजनक है।
इनका कहना है
इस मामले में बात करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया ने कहा कि भाजपा नेता द्वारा की गई गुंडागर्दी के संबंध में शराब दुकानदार के द्वारा शिकायत की गई है। जिसकी जांच कराई जा रही है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कराते हुए अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।










