चलती ट्रेन में सेना के जवान ने महिला पर किया पेशाब, जांच में जुटी रेलवे पुलिस

महिला के पति ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर कॉल करके मदद मांगी। सूचना पर ग्वालियर और झांसी में सुरक्षा बल के जवान ट्रेन में पहुंचे, लेकिन कार्रवाई किए बिना लौट गए। अब महिला के पति ने पीएमओ और रेल मंत्री से शिकायत की है।\

 

हजरत निजामुद्दीन से दुर्ग जाने वाली गाड़ी संख्या 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस थर्ड एसी कोच बी-9 की साइड लोअर बर्थ नंबर 23 पर छत्तीसगढ़ के मुखर्जी नगर सिकोलाभाटा निवासी महिला अपने सात साल के बच्चे के साथ हजरत निजामुद्दीन से दुर्ग के लिए सफर कर रही थी।

 

 

महिला का टिकट आरएसी में था तो उसकी सीट पर अन्य महिला यात्री भी थी। महिला की बर्थ की ऊपर वाली सीट नंबर 24 पर एक सैन्यकर्मी मथुरा से रायपुर के लिए यात्रा कर रहा था। महिला के पति हिमाचल सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि ट्रेन जब ग्वालियर पहुंचने वाली थी तो नशे में धुत सैन्यकर्मी ने उसकी पत्नी पर पेशाब कर दिया।

घटना से घबराई पत्नी ने उसे फोन करके मामले की जानकारी दी। हिमाचल सिंह ने मामले की शिकायत रेलवे से की। ग्वालियर स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी जवान ट्रेन में आए, लेकिन सैन्यकर्मी की फोटो खींचकर चले गए।

इसके बाद ट्रेन झांसी पहुंची तो यहां जीआरपी, आरपीएफ और एमसीओ के जवान ट्रेन में पहुंचे मगर कार्रवाई नहीं की। महिला से ललितपुर में कार्रवाई करने की बात कहते हुए सुरक्षा बल ने ट्रेन को रवाना कर दिया। पीड़ित ने अब पूरे मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय, रेलमंत्री, गृहमंत्री सहित रेलवे के अफसरों से की है।

 

और पढ़ें