Basti: स्कॉर्पियो से आए और मुर्गों से भरा पिकअप लूट लिया, चालक का मोबाइल कुचल सरयू में फेंका

बस्ती पुलिस ने मुर्गों से भरी गाड़ी लूटने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. इन लोगों ने लूट के बाद मुर्गे की पार्टी की फिर बाकी बचे मुर्गों को बेच दिया. मिले पैसों से जमकर अय्याशी की

यूपी के बस्ती में एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जो लग्जरी गाड़ी से हाइवे पर जा रही मुर्गियों से लदी पोल्ट्री वैन को निशाना बनाकर लूट लेते थे. फिर उन लूटी हुई मुर्गियों को बाजार में बेचकर अय्याशी करते थे और अपना काम चलाते थे. बस्ती एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि छावनी पुलिस, एसओजी व स्वाट टीम की संयुक्त कार्यवाही में पोल्ट्री वैन से लूट करने वाले 07 अंतर्जनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है. इनके विरूद्ध छावनी थाने में धारा 392, 394 395, 412, 201, 397 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

गिरफ्तार अभियुक्तों में बबलू अहमद, विजेन्द्र तिवारी, रिजवान उर्फ राजू, हैदर अली, मोहम्मद अफसर, संतोष कुमार और इस्लाम अहमद शामिल हैं. सभी  अपराधी गोण्डा जिले के रहने वाले हैं. इनका अपराध करने का क्षेत्र गोण्डा रहा है. इनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं. अभियुक्तों के पास से दो अदद पिकप घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो व एक बोलेरो, एक अदद तमंचा, 02 ज़िंदा कारतूस बरामद किया गया है.

पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया गया कि 8 जून को विक्रमजोत व छावनी के बीच स्थित एचपी पेट्रोल पंप से पहले मुर्गा लदे हुए एक पिकप को लूट लिया था. साथ ही पिकअप चालक व खलासी के मोबाइल को छीनकर उसे कुचल कर सरयू नदी में फेंक दिया था. आखिर में पिकअप गाड़ी को सूर्या पैलेस अयोध्या के सामने सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए थे.

अभियुक्तों के मुताबिक, उन्होंने लूटे हुए मुर्गों को खाने व अलग-अलग जगह पर बेचकर मिले पैसों को आने-जाने, तेल पानी व खाने-पीने आदि में खर्च कर दिए हैं. मामले में बस्ती के एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने कहा- छावनी पुलिस, एसओजी व स्वाट टीम की संयुक्त कार्यवाही में पोल्ट्री वैन से लूट करने वाले 07 अंतर्जनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है. इनके विरूद्ध छावनी थाने में धारा 392, 394 395, 412, 201, 397 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

गिरफ्तार अभियुक्तों से लूटी गई पोल्ट्री वैन बरामद की गई है और इनके पास कुल रुपये 40 हजार बचे रुपए थे जो पुलिस ने बरामद कर लिया है. सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है

 

और पढ़ें