New Lok Sabha : देश के नए माननीय…! 251 दागी तो 504 करोड़पति…यहां देखिए पूरी List

नई दिल्ली, 06 जून। New Lok Sabha : लोकसभा चुनाव 2024 का जनादेश सुनाया जा चुका है। 18वीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित कर दिए गए। इस चुनाव में केंद्र की सत्ताधारी भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। वहीं दूसरे स्थान पर कांग्रेस है जिसके 99 सांसद लोकसभा पहुंचेगे। 293 सीटों के साथ एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है।

नई लोकसभा के गठन की तैयारियों के बीच, एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने 2024 में चुनाव जीतने वाले सभी 543 विजेता उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया है। एडीआर ने जारी किए एक विश्लेषण में बताया है कि 543 विजेता उम्मीदवारों से 251 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं 504 विजेता उम्मीदवार करोड़पति हैं। सबसे युवा विजेता उम्मीदवार पुष्पेंद्र सरोज और प्रिया सरोज हैं। 25 साल के दोनों नवनिर्वाचित सांसद सपा के टिकट पर जीते हैं। वहीं सबसे उम्रदराज नवनिर्वाचित सांसद डीएमके के टीआर बालू हैं, जिनकी उम्र 82 साल है।

पार्टी विजेता गंभीर आपराधिक मामलों वाले प्रतिशत

भाजपा 240 63 26%

कांग्रेस 99 32 32%

सपा 37 17 46%

टीएमसी 29 7 24%

डीएमके 22 6 27%

टीडीपी 16 5 31%

शिवसेना 7 4 57

विजेता उम्मीदवारों की आपराधिक पृष्ठभूमि

संपत्ति विजेता प्रतिशत

10 करोड़ रुपये और उससे अधिक 227 42%

5 करोड़ रुपये से 10 करोड़ रुपये 103 19%

1 करोड़ रुपये से 5 करोड़ रुपये 174 32%

20 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये 35 6%

20 लाख रुपये से कम 4 1%

सबसे अमीर विजेता प्रत्याशियों में नवीन जिंदल भी

इस चुनाव में सबसे ज्यादा संपत्ति घोषित करने वाले विजेता उम्मीदवार डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी हैं। आंध्र प्रदेश के गुंटूर से टीडीपी प्रत्याशी पेम्मासानी ने कुल 5705 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। इस मामले में दूसरे स्थान पर भाजपा के कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी हैं। तेलंगाना की चेवेल्ला सीट से चुनाव जीतने वाले रेड्डी ने अपने हलफनामे में 4568 करोड़ की दौलत बताई है। तीसरे सबसे धनी विजेता प्रत्याशी भाजपा के नवीन जिंदल हैं। हरियाणा के कुरूक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जिंदल ने कुल 1241 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। इस मामले में पांचवें स्थान पर कांग्रेस के नकुल नाथ हैं।

उधर तीन निर्दलीय विजेता उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति पांच लाख रुपये से 11 लाख रुपये के बीच बताई है। पश्चिम बंगाल की पुरुलिया सीट से भाजपा के विजेता उम्मीदवार ज्योतिर्मय सिंह महतो ने 5.95 लाख रुपये, बंगाल की ही आरामबाग (एससी) सीट से विजेता उम्मीदवार मिताली बाग ने 7.84 लाख रुपये और उत्तर प्रदेश की मछलीशहर सीट से विजेता उम्मीदवार प्रिया सरोज ने अपनी संपत्ति 11.25 लाख रुपये बताई है।

19% विजेता उम्मीदवारों की पढ़ाई 5वीं और 12वीं के बीच

तमाम विजेता उम्मीदवारों की शैक्षिक योग्यता की बात करें तो 105 (19%) विजेता उम्मीदवार 5वीं और 12वीं के बीच पढ़ाई किए हुए हैं। 420 (77%) विजेता उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता स्नातक और इससे ज्यादा बताई है। 17 विजेता उम्मीदवार डिप्लोमा धारक हैं। एक विजेता उम्मीदवार ने अपनी शैक्षिक योग्यता साक्षर घोषित की है।

विजेता उम्मीदवारों की आयु के आंकड़े देखें तो 58 (11%) विजेता उम्मीदवार 25 से 40 वर्ष के बीच के हैं। 280 (52%) प्रत्याशी 41 से 60 वर्ष के बीच हैं। 204 (38%) विजेता उम्मीदवारों की आयु 61 से 80 वर्ष है। एक विजेता उम्मीदवार ने अपनी आयु 80 वर्ष से अधिक घोषित की है।

इस चुनाव में 14% महिलाएं जीतीं

एडीआर द्वारा साझा किए गए आंकड़ों (New Lok Sabha) के अनुसार, 543 विजेता उम्मीदवारों में से केवल 74 (14%) महिलाएं हैं। इसके पहले 2019 में 77 विजेता उम्मीदवार महिलाएं थीं। 2014 के चुनाव में कुल 62 और 2009 में 59 विजेता उम्मीदवार महिलाएं थीं।

 

 

 

और पढ़ें