भाजपा ने 195 उम्मीदवारों वाली पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 34 कैबिनेट और राज्य मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष के नाम हैं। इसमें 28 महिला उम्मीदवार भी हैं। भाजपा की सूची में कई चर्चित चेहरों के नाम भी हैं। पार्टी ने 28 महिलाओं, दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को टिकट दिया है। उम्मीदवारों की सूची में 50 साल से कम उम्र के 47 चेहरे हैं। वहीं वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो गांधीनगर से गृह मंत्री अमित शाह चुनाव लड़ेंगे।
पहली सूची में उत्तर प्रदेश की 51 सीटों, पश्चिम बंगाल की 26, मध्य प्रदेश की 24, गुजरात की 15, राजस्थान की 15, केरल की 12, तेलंगाना की नौ, असम की 11, झारखंड की 11, छत्तीसगढ़ की सभी 11, दिल्ली की पांच, जम्मू कश्मीर की दो, उत्तराखंड की तीन, अरुणाचल प्रदेश दो, गोवा एक, त्रिपुरा एक, अंडमान एक, दमन दीव की एक सीट पर उम्मीदवार घोषित किए गए।
बड़े चेहरे फिर मैदान में
उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर उम्मीदवार होंगे। लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को टिकट दिया गया है। गुजरात की गांधीनगर सीट से गृह मंत्री अमित शाह फिर से चुनाव लड़ेंगे। अमेठी से लगातार तीसरी बार केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में होंगी। खीरी से केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी को मौका मिला है।




गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया, कोटा से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पोरबंदर से स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, कांग्रेस से आईं सिंहभूम की मौजूदा सांसद गीता कोडा को सिंहभूम से भाजपा ने टिकट दिया है। खजुराहो से मध्य प्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा और तिरुवनंतपुरम से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर चुनाव लड़ेंगे। श्रीपद नाइक गोवा पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। वह वर्तमान में केन्द्र सरकार में राज्यमंत्री हैं।
दो पूर्व मुख्यंत्रियों को मिला मौका
मध्य प्रदेश की चर्चित विदिशा सीट से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव लड़ेंगे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को भी टिकट मिला है। उन्हें खूंटी सीट से टिकट मिला है।


मध्य प्रदेश में भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा की जगह भोपाल के पूर्व मेयर आलोक शर्मा को टिकट दिया है। शर्मा विधानसभा चुनाव में भी उतरे थे। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सतना सांसद गणेश सिंह और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को भी फिर से टिकट दिया गया है। ये दोनों सांसद 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी मैदान में थे। दोनों को हार का सामना करना पड़ा था।



दिल्ली में पांच नाम, सिर्फ मनोज तिवारी को फिर टिकट
भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी को एक बार फिर उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया गया है। मीनाक्षी लेखी की जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली सीट से टिकट दिया गया है। दक्षिण दिल्ली से रमेश बिधूड़ी की जगह दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी को टिकट मिला है। पश्चिम दिल्ली से कमलजीत सहरावत और चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल भाजपा उम्मीदवार होंगे। चांदनी चौक से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन मौजूदा सांसद हैं। वहीं, पश्चिम दिल्ली से प्रवेश साहिब सिंह वर्मा मौजूदा सांसद हैं।



चार भोजपुरी सितारे भी होंगे मैदान में
भाजपा की सूची में चार भोजपुरी सितारों को जगह मिली है। पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया गया है। यहां से अभिनेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा टीएमसी के सांसद हैं। 2019 में यहां से गायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो भाजपा के टिकट पर जीते थे। सुप्रियो ने बाद में सांसदी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह टीएमसी में शामिल हो गए। ममता बनर्जी ने उन्हें विधानसभा चुनाव में उतारा जबकि, आसनसोल से भाजपा के ही पूर्व नेता शत्रुघ्न सिन्हा को उतारा था। इसी तरह गोरखपुर से भोजपुरी सितारे और मौजूदा सांसद रवि किशन चुनाव लड़ेंगे। एक और भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी लगातार तीसरी बार उत्तर पूर्वी दिल्ली से मैदान में होंगे।
आजमगढ़ सांसद दिनेश लाल यादव भी फिर से मैदान में हैं। यादव 2019 में यहां से सपा प्रमुख अखिलेश यादव से चुनाव हार गए थे। हालांकि, 2022 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद अखिलेश ने सांसदी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद हुए उप-चुनाव में दिनेश लाल यादव ने अखिलेश के भाई धर्मेंद्र यादव को हराया था। चार भोजपुरी सितारों के अलावा भी कई मनोरंजन जगत के चेहरों को इस सूची में जगह मिली है। अभिनेत्री हेमा मालिनी एक बार फिर मथुरा से मैदान में होंगी। मलायलम एक्टर सुरेश गोपी केरल की त्रिशूर सीट से मैदान में होंगे। टॉलीवुड एक्टर रहीं लॉकेट चटर्जी पश्चिम बंगाल की हुगली सीट से मैदान में होगी।
पैराओलंपियन झाझरिया को भी टिकट
पद्मभूषण से सम्मानित जैवलिन थ्रोअर देवेंद्र झाझरिया की राजनीति में एंट्री हो गई है। उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने चुरू से टिकट दिया है। 2019 में यहां से भाजपा के राहुल कस्वां जीते थे। 28 फरवरी को दो बार पैरालंपिक में स्वर्ण विजेता देवेंद्र झाझरिया ने भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) के नौ मार्च को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके अलावा किसी ने इस पद के लिए आवेदन नहीं दिया है। ऐसे में झाझरिया का निर्विरोध निर्वाचन होना तय है। वर्तमान में दीपा मलिक इसकी चेयरमैन है।
एके एंटनी के बेटे को भी टिकट
पूर्व रक्षा मंंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी को भी भाजपा ने टिकट दिया है। अनिल केरल की पत्तनमथिट्टा से उम्मीदवार बनाए गए हैं। यहां से 2019 में कांग्रेस के एंटो एंटोनी जीते थे। इसी तरह छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को भी रायपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को तिरुवनंतपुरम से टिकट दिया है। चंद्रशेखर फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। 2019 में इस सीट से पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। इसी तरह वी मुरलीधरन को भी आटिंगल सीट से टिकट दिया गया है। केरल की मल्लापुरम सीट से मुस्लिम चेहरे अब्दुल सलाम को टिकट दिया गया है।



यूपी के भाजपा से 51 उम्मीदवार –
1- वाराणसी – नरेंद्र मोदी
2- कैराना – प्रदीप कुमार
3- मुज़फ्फरनगर – संजीव बालियान
4- नगीना – ओम कुमार
5- रामपुर – घनशयाम लोधी
6- सम्भल – परमेश्वर सैनी
7- अमरोहा – कंवर सिंह तंवर
8- नोएडा – डॉ महेश शर्मा
9- बुलन्दशहर – भोला सिंह
10- मथुरा – हेमा मालिनी
11- आगरा- एसपी सिंह बघेल
12- फतेहपुर – राजकुमार चहर
13- एटा – राजवीर सिंह
14- आंवला – धर्मेंद्र कश्यप
15- शाहजहांपुर – अरुण सागर
16- लखीमपुर – अजय मिश्रा टेनी
17- धौरहरा – रेखा वर्मा
18- सीतापुर – राजेश वर्मा
19- हरदोई – जय प्रकाश रावत
20- मिश्रिख – अशोक रावत
21- उन्नाव – साक्षी महाराज
22- मोहनलालगंज – कौशल किशोर
23- लखनऊ – राजनाथ सिंह
24- अमेठी – स्मृति ईरानी
25- प्रतापगढ़ – संगम लाल गुप्ता
26- फरूखाबाद – मुकेश राजपूत
27- इटावा – राम शंकर कठेरिया
28- कन्नौज – सुब्रत पाठक
29- अकबर नगर – देवेंद्र भोले
30- जालौन – भानु प्रताप सिंह वर्मा
31- झांसी – अनुराग शर्मा
32- हमीरपुर – पुष्पेंद्र सिंह चंदेल
33- बांदा – आरके सिंह पटेल
34- फतेहपुर – निरंजन ज्योति
35- बाराबंकी – उपेंद्र रावत
36- अयोध्या – लल्लू सिंह
37- अम्बेडकरनगर – रितेश पांडेय
38- श्रावस्ती – साकेत मिश्रा
39- गोंडा – कीर्तिवर्धन सिंह
40- डुमरियागंज – जगदम्बिका पाल
41- बस्ती – हरीश द्विवेदी
42- संतकबीरनगर – प्रवीण निषाद
43- महराजगंज – पंकज चौधरी
44- गोरखपुर – रवि किशन
45- कुशीनगर – विजय दुबे
46- बांसगांव – कमलेश पासवान
47- लालगंज – नीलम सोनकर
48- आज़मगढ़ – दिनेश लाल यादव निरहुआ
49- सलेमपुर – रविन्द्र कुशवाहा
50- जौनपुर – कृपा शंकर सिंह
51- चंदौली – महेंद्र पांडेय










